आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने के साथ तेज बारिश होने से मौसम हुआ खुशगवार, लोगों को मिली राहत

नयी दिल्ली, 30 मई (वार्ता) दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी प्रक्षेत्र(एनसीआर) समेत देश के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार को आंधी-तूफान के साथ तेज हवाएं चलने तथा बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया और लगातार गर्मी की तपिश झेल रहे लोगों को राहत मिली।

मौसम में यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले कई चक्रवाती परिसंचरणों के प्रभाव के कारण हुआ, जिससे पिछले 24 घंटों से दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहे और बारिश भी हुई। इन इलाकों में रुक-रुक कर बारिश, आंधी-तूफान और तेज़ हवाएँ चलीं, जिससे गर्मियों की भीषण गर्मी से काफी राहत मिली और तापमान सामान्य स्तर से नीचे चला गया।

मौसम विभाग ने दिल्ली और पड़ोसी क्षेत्रों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी रखा है, जिसमें दोपहर और शाम के समय आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटा तक पहुँचने की उम्मीद है, और कुछ इलाकों में हवा के झोंके 60 किमी प्रति घंटा तक पहुँच सकते हैं।

मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रविवार को भी इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है, जिसमें दिल्ली के सभी जिलों के साथ-साथ गुड़गांव, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबाद के कुछ हिस्सों में आसमान में व्यापक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बारिश होने की उम्मीद है।

पंजाब में आज सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। चिलचिलाती गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को इस बदलाव से बड़ी राहत मिली है। पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश के असर से मैदानी इलाकों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के मोहाली, लुधियाना, पटियाला, जालंधर, अमृतसर और पठानकोट में भारी बारिश हुई।

हरियाणा में नौतपा की चिलचिलाती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली तथा पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बने कम दबाव के कारण पिछले दो दिन से प्रदेश में ठंडी हवाएं और बारिश हो रही है। इससे राज्य का औसत तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस गिर गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज सिरसा, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और यमुनानगर जिलों के ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर और मध्य हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रोहतक में येलो अलर्ट है।

राजस्थान में नौतपा के बीच भीषण गर्मी से जूझ रहे भरतपुर संभाग को मौसम विभाग की आगामी एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने के पूर्वानुमान से लोगों ने चैन की सांस ली है।पश्चिमी विक्षोम के असर से शुक्रवार देर रात तक संभाग के गंगापुरसिटी, धौलपुर, भरतपुर में हलके तूफान के साथ मेघगर्जन, बारिश और ओलावृष्टि से आम जनजीवन प्रभावित रहा। संभाग के सवाईमाधोपुर एवं करौली जिलों में कहीं-कहीं बिजली कड़कन और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

झारखंड में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शुक्रवार से शुरू हुई बारिश ने बड़ी राहत दी है। सुबह से ही तेज हवाएं चलने लगीं, आसमान में बादल छा गए और राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया। राजधानी रांची समेत कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश होने लगी। बारिश के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे पूरे राज्य का मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने शनिवार को रांची समेत 13 जिलों के लिए आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा रविवार को पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 1 और 2 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में श्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की रिपोर्टें मिली है। रविवार को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि सोमवार को कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बौछारें पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 31 मई को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।

राज्य के वाराणसी में आगामी 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश, 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी और ओलावृष्टि की संभावना को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। सहारनपुर जिले में शनिवार दोपहर में आंधी, तूफान और बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। बेहट क्षेत्र में नदियों में बाढ़ आ गई। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सुबह से मौसम काफी गर्म रहा और कहीं कहीं लू की स्थिति रही । वहीं शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने के साथ ही बारिश भी हुई जिससे लोगों को राहत मिली लेकिन अंधड़ चलने और बिजली कड़कने से शहर की बिजली आपूर्ति ठप्प हो गयी।

Next Post

गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, ट्रांसपोर्टरों ने वकील पर किया जानलेवा हमला; केस दर्ज

Sat May 30 , 2026
भोपाल। मंगलवारा थाना इलाके में मामूली विवाद के दौरान एक वकील पर जानलेवा हमला हो गया. ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले करीब आधा दर्जन लोगों पर मारपीट कर हमला करने का आरोप है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा, अड़ीबाजी सहित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया. जानकारी के मुताबिक […]

You May Like