इंदौर: इंदौर से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए इस बार बड़ी राहत और खुशी की खबर है. इंदौर से हज यात्रियों के लिए सीधी उड़ानों की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रा पहले के मुकाबले अधिक सुगम और आरामदायक हो गई है.एयरपोर्ट प्रबंधक अधिकारी ने बताया कि इस क्रम में पहली फ्लाइट 6 मई की रात 8.50 बजे आकाश एयर के माध्यम से मदीना के लिए रवाना होगी.
इस फ्लाइट में कुल 145 यात्री सीधे मदीना के लिए उड़ान भरेंगे. इसके बाद दूसरी फ्लाइट आज सुबह 9 बजे 110 यात्रियों को लेकर मदीना के लिए प्रस्थान करेगी. वहीं तीसरी और अंतिम फ्लाइट सुबह 11 बजे 135 यात्रियों के साथ रवाना होगी. इस बार खास बात यह है कि सभी हज यात्री सीधे मदीना पहुंचेंगे, जिसके लिए कुल तीन फ्लाइट्स का विशेष इंतजाम किया गया है.
पहले जहां यात्रियों को विभिन्न शहरों से होकर यात्रा करनी पड़ती थी, वहीं अब सीधी उड़ान से समय और परेशानी दोनों में कमी आएगी. यात्रा की अवधि लगभग 5 से 6 घंटे बताई जा रही है, जिससे हज यात्रियों को लंबी और थकाऊ यात्रा से राहत मिलेगी. इस नई व्यवस्था से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि हज यात्रा का अनुभव भी अधिक सहज और व्यवस्थित होगा.
