महू:सगाई टूटने से नाराज एक युवक ने मंगेतर की मां की गहरी खाई में धक्का देकर हत्या कर दी. बुधवार सुबह करीब 5 बजे शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में तीन घंटे की मशक्कत के बाद लगभग 250 फीट गहरी खाई से शव निकाला गया.यह घटना मंगलवार शाम बड़गोंदा थाना क्षेत्र के छोटा अमरनाथ इलाके की है. मृतका की पहचान किरण चौबे (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महोबा (यूपी) की रहने वाली थी और पीथमपुर की एक कंपनी में काम करती थी. उसका पति अवध बिहारी चौबे एमपीईबी में काम करता है, जो ब्रेन हेमरेज के कारण इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती है. पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है.
पिता और भाई के विरोध करने पर टूटी सगाई
मृतका किरण के बेटे अनुराग चौबे ने पुलिस को बताया कि बहन की सगाई बगोदा निवासी राहुल अटेरिया (18) से हुई थी. मुझे और पिता को यह रिश्ता पसंद नहीं था. इससे सगाई तोड़ दी गई. शुरूआत में मां इस रिश्ते के पक्ष में थीं, बाद में उन्होंने भी शादी से इनकार कर दिया था. इसी बात पर राहुल नाराज था. पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5 बजे किरण अपनी बेटी रागिनी के साथ घर से निकली थी, पीथमपुर के विशाल चौराहे पर राहुल पहले से उनका इंतजार कर रहा था. तीनों वहां से छोटा अमरनाथ पहुंचे. रागिनी पहाड़ी पर ही रुक गई, जबकि राहुल और किरण मंदिर दर्शन के लिए नीचे चले गए.
पहले बहाना बनाया, फिर कहा… खाई में धक्का दे दिया
कुछ देर बाद राहुल अकेला वापस लौटा और रागिनी से कहा कि उसकी मां पीछे आ रही हैं. इसके बाद वह बहाना बनाकर नीचे चला गया. कुछ समय बाद लौटकर उसने रागिनी को बताया कि उसने उसकी मां को खाई में धक्का दे दिया है. रात करीब 11 बजे रागिनी ने अपने भाई अनुराग को फोन पर घटना की जानकारी दी. एएसपी रूपेश द्विवेदी के मुताबिक, बुधवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
