नयी दिल्ली, 22 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल को छोड़ अन्य जिंसों में तेजी रही। इस दौरान सरसों तेल 425 रुपये और तुअर दाल 201 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हो गई। चीनी और गेहूं के दाम भी बढ़ गए।
बीते सप्ताह सरसों तेल औसतन 425 रुपये और मूंगफली तेल 171 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सोया तेल में 71 रुपये और सूरजमुखी तेल में 60 रुपये की तेजी रही। वनस्पति की कीमत भी 46 रुपये बढ़ गई। वहीं, पाम ऑयल छह रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।
सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 201 रुपये और चना दाल की 97 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। उड़द दाल 69 रुपये और मूंग दाल 57 रुपये महंगी हुई। वहीं, मसूर दाल का भाव 15 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया।
चीनी में लगातार सातवें सप्ताह तेजी रही। बीते सप्ताह मीठे के बाजार में चीनी का औसत भाव 16 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 5,664 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। गुड़ भी 24 रुपये महंगा हुआ। वहीं, खुदरा बाजार में त्योहारी मांग उतरने से चीनी में चार प्रति किलोग्राम की औसत गिरावट रही और यह 60.81 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत नौ रुपये घटकर सप्ताहांत पर 4,358 रुपये प्रति क्विंटल रही। गेहूं की कीमत 13 रुपये बढ़कर 2,970 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। आटा भी 14 रुपये महंगा हुआ और सप्ताहांत पर 3,420 रुपये प्रति क्विंटल बिका।
