
नीमच। शहर में उदय विहार स्थित डेल्हीवरी कोरियर कंपनी के कार्यालय में हुई चाकूबाजी और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने मात्र 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, एक मोटरसाइकिल और लूटी गई राशि में से 90 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।ऐसे हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 की रात करीब 9:20 बजे उदय विहार स्थित डेल्हीवरी कोरियर कंपनी के कार्यालय में कर्मचारी सूरज नाथ अकेले काम कर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक कार्यालय में घुसे। इनमें से दो आरोपियों ने सूरज नाथ को पकडक़र चाकू की नोक पर बंधक बना लिया, जबकि अन्य दो आरोपियों ने कैश काउंटर से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए।विरोध करने पर आरोपियों ने सूरज नाथ पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ और दोनों कंधों पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी नकदी लेकर फरार हो गए। मामले में थाना नीमच कैंट में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।एसपी ने संभाली जांच की कमानघटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास स्वयं घटनास्थल पहुंचे और जांच की मॉनिटरिंग की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़ और चित्तौडग़ढ़ क्षेत्र के टोल नाकों सहित विभिन्न स्थानों के कैमरों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस ने डेल्हीवरी कोरियर कंपनी के वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पूर्व कर्मचारी इस्लाम मोहम्मद पर संदेह हुआ, जिसे कुछ समय पहले नौकरी से निकाला गया था और वह पुन: काम पर लौटा था।पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में सामने आया कि इस्लाम मोहम्मद ने अपने साथियों आसिफ मंसूरी, सोहेल मंसूरी, जाहिद खान और असरफ कुरैशी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 25 जून को सोहेल मंसूरी, जाहिद खान, असरफ कुरैशी और इस्लाम मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने लूट और चाकूबाजी की वारदात स्वीकार कर ली। फरार आरोपी आसिफ मंसूरी के अजमेर में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे भी हिरासत में ले लिया गया।जप्त सामग्री – वारदात में प्रयुक्त एक चाकू, एक मोटरसाइकिल, लूटी गई राशि में से 90,800 रुपये नकदगिरफ्तार आरोपी-सोहेल मंसूरी (21), निवासी सीतामऊ फाटक, मंदसौर
असरफ कुरैशी (26), निवासी कचनारा, जिला मंदसौर
जाहिद खान (22), निवासी कचनारा, जिला मंदसौर
आसिफ मंसूरी (27), निवासी धमनार, हाल मुकाम दलौदा, जिला मंदसौर
इस्लाम मोहम्मद (35), निवासी अंबेडकर कॉलोनी, नीमच
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिकाइस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक दिवान सिंह, उपनिरीक्षक मंगल सिंह राठौर, उपनिरीक्षक असलम पठान, साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे सहित थाना एवं साइबर सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा मंदसौर पुलिस के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने विशेष टीमों की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर जांच की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
