नयी दिल्ली, 08 जुलाई (वार्ता) किसानों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के खोपरा और तोतापुरी आम उत्पादक किसानों के लिए बड़े पैमाने पर सरकारी खरीद को मंजूरी दे दी है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से दी गयी इस स्वीकृति से राज्य के किसानों को उनकी उपज का सही और लाभकारी मूल्य मिलेगा, जिससे वे बाजार के उतार-चढ़ाव और घाटे में फसल बेचने की मजबूरी से बच सकेंगे।
वर्ष 2026 के लिए तमिलनाडु सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए केंद्र सरकार ने ‘मूल्य समर्थन योजना’ (पीएसएस) के तहत 87,226 टन खोपरा की खरीद को मंजूरी दी है। इसमें 87 हजार टन मिलिंग खोपरा और 226 टन बाल खोपरा शामिल है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर होने वाली इस पूरी खरीद का कुल मूल्य 1,049.16 करोड़ रुपये से अधिक होगा। सरकार के इस कदम से राज्य के खोपरा उत्पादक किसानों को सीधी आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
इसके साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री ने तोतापुरी आम उत्पादक किसानों के लिए ‘बाजार हस्तक्षेप योजना’ (एमआईएस) के तहत 96,879 टन आम की खरीद को हरी झंडी दिखायी है। इसके लिए 1,545.41 रुपये प्रति क्विंटल का ‘बाजार हस्तक्षेप मूल्य’ (एमआईपी) तय किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आम की बंपर पैदावार के समय बाजार में गिरती कीमतों से किसानों को बचाना और उनकी आय को स्थिर रखना है।
