नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से यहां मुलाकात कर प्रदेश के राजनीतिक हालात और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में हरियाणा कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाये रखने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
मुलाकात के बाद श्री दत्त ने बताया कि श्री गांधी ने हरियाणा की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य मजबूत, सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ा संगठन तैयार करना है। इसके लिए प्रदेशभर में संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद का अभियान जारी रहेगा।
श्री दत्त ने कहा कि हाल ही में उन्होंने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों, फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा जनभागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की थी।
उन्होंने विश्वास जताया कि श्री गांधी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, गतिशील और जनोन्मुखी बनाया जाएगा। साथ ही पार्टी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को नयी गति देने और हर कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन विस्तार के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
