कोटा 08 जुलाई (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उन्होंने राजस्थान के अंदर किसान के हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए कार्ययोजना बनायी हैं।
श्री बिरला बुधवार को कोटा जिले के गोपालपुरा मण्डाना में आमसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान के अंदर हर खेत तक पानी पहुंचे, चाहे पूवीं राजस्थान नहर परियाजना ( ईआरसीपी) चाहे यमुना का पानी लाना हो। अलग अलग नदियों और बांधों से किस तरीके से किसान के खेत तक पानी पहुंचे, इसके लिए प्रयासरत हैं और इसकी कार्ययोजना बनायी गयी हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि कोटा जिले के रामगंजमंडी या लाडपुरा क्षेत्र हो एक लंबे समय से असिंचित रहा हैं और आने वाले समय में इन क्षेत्रों के हर खेत तक पानी पहुंचे, इसके लिए कार्ययोजना बन चुकी हैं और इसके परिणाम मिलेंगे।
श्री शर्मा एवं केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी आमसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार दक, विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी एवं डॉ सुरेश धाकड़ तथा अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन मौजूद थे।
