
दमोह। नाग पंचमी के पावन पर्व पर शहर के प्रसिद्ध श्री देव जटाशंकर धाम में स्वर्गीय श्री चंद्रशेखर पाठक जी की स्मृति में विशाल दंगल का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धा और परंपरा के साथ इस दंगल का आयोजन हो रहा है।दंगल का शुभारंभ सोमवार दोपहर 12 बजे किया गया। जो देर रात तक जारी रहेगा। दंगल में टीकमगढ़, ललितपुर, झांसी, छतरपुर, कटनी, रीवा, सतना सहित आसपास के जिलों से आए कुश्ती के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
पहलवान दांव-पेंच लगाते हुए अखाड़े में उतर रहे हैं और दर्शकों से जमकर तालियां बटोर रहे हैं।
इस कार्यक्रम के संयोजक पंडित मोनू पाठक, महंत जटाशंकर धाम हैं। आयोजन में जिला प्रचारक भइयन जी, मनु मिश्रा, श्याम सुंदर विश्वकर्मा, कपिल सोनी,खली बद्री विश्वकर्मा, तरुण कोरी, खिल्लू सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन और श्रद्धालु मौजूद रहे।भीड़ को देखते हुए दंगल स्थल पर पुलिस का भारी बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।नाग पंचमी के अवसर पर जटाशंकर धाम में भक्ति के साथ-साथ खेल की परंपरा भी देखने को मिल रही है।
