कलेक्टर ने मेधावी छात्र- छात्राओं को किया सम्मानित

जबलपुर:माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की राज्य तथा जिला स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान अर्जित करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए शासकीय मॉडल स्कूल में जिला स्तरीय सम्मान समारोह का गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत अभिषेक सिंह गहलोत उपस्थित रहे।

जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने जिले के प्रगतिशील परीक्षा परिणामों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 73.42 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं का परिणाम 77.26 प्रतिशत रहा है, जिसमें शासकीय विद्यालयों का प्रदर्शन विशेष रूप से उत्कृष्ट रहा है। कलेक्टर ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। उन्होंने छात्र-छात्राओं को निरंतर अध्ययनशील रहते हुए राष्ट्र एवं समाज के उत्थान में योगदान देने तथा गुरुजनों के प्रति सम्मान का भाव रखने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने परीक्षा में असफल रहे विद्यार्थियों को भी निराश न होकर पुनः पूर्ण मनोयोग एवं कठिन परिश्रम के साथ प्रयास करने की सीख दी।
मेरिट के 12 तथा जिला स्तरीय सूची के 27 विद्यार्थी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त 12 तथा जिला स्तरीय सूची के 27 विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Next Post

वैश्विक सुस्ती और अर्थव्यवस्था की रफ्तार

Fri Apr 17 , 2026
वैश्विक अर्थव्यवस्था इस समय अनिश्चितताओं के भंवर में फंसी हुई है, लेकिन भारत ने इस दौर में भी अपनी विकास गति को बनाए रखकर एक अलग मिसाल पेश की है. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की ताजा रिपोर्टों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत न केवल […]

You May Like