जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, महिलाओं के साथ झड़प से बढ़ा तनाव

खंडवा। जिले के पंधाना थाना क्षेत्र की बोरगांव चौकी अंतर्गत ग्राम टाकली कला में जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर उग्र हो गया। खेत में काम कर रहे एक आदिवासी परिवार और दूसरे पक्ष के बीच विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट की घटना सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक आदिवासी परिवार खेत में कार्य कर रहा था, तभी दूसरी ओर की एक आदिवासी युवती कुछ लोगों के साथ खेत पर पहुंची। आरोप है कि साथ आए लोगों ने खड़ी फसल पर दवाई का छिड़काव करने का प्रयास किया, जिसका खेत में मौजूद महिलाओं ने विरोध किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़कर झगड़े में बदल गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान महिलाओं के साथ मारपीट की गई तथा एक युवक ने एक महिला को धक्का देकर गिरा दिया। घटना के दौरान महिलाओं के बीच भी हाथापाई होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि विवादित जमीन पर दोनों पक्ष अपना-अपना स्वामित्व जता रहे हैं। एक पक्ष जमीन को अपनी पुश्तैनी संपत्ति बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष भी उस पर अपना अधिकार होने का दावा कर रहा है। यह मामला पहले भी प्रशासन के संज्ञान में लाया जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं निकलने से विवाद लगातार बना हुआ है।

फिलहाल दोनों पक्षों ने बोरगांव चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Next Post

अमलाहा में दलहन आत्मनिर्भरता पर राष्ट्रीय मंथन, सीएम डॉ यादव व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज रहे शामिल

Sat Feb 7 , 2026
सीहोर। अमलाहा स्थित खाद्य दलहन अनुसंधान केंद्र में आज दलहन आत्मनिर्भरता राष्ट्रीय मिशन को लेकर राष्ट्रीय परामर्श एवं रणनीति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान दलहन उत्पादन बढ़ाने, उत्पादकता में […]

You May Like