सागर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ पर ऐतिहासिक विजय का लक्ष्य लेकर संगठन को मजबूत करने में जुटें। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के समय भी एसआईआर हुआ था। निष्पक्ष चुनाव के लिए एसआईआर आवश्यक है। श्री खंडेलवाल ने सागर प्रवास के दौरान कोर ग्रुप की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच की कड़ी बनकर कार्य करें। कार्यकर्ता जब सरकार और जनता के बीच की कड़ी बनकर कार्य करेंगे तो लोगों की सभी समस्याओं का तुरंत समाधान होगा । उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता की चिंता करें, उनके कल्याण के लिए कार्य करें। पार्टी संगठन कार्यकर्ताओं की चिंता स्वयं कर रहा है। कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य करें, उसकी चिंता करें। संगठन सभी कार्यकर्ताओं को समय-समय पर कार्य करने का अवसर अवश्य देता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, यहां न तो कोई छोटा होता है और न ही बड़ा। सभी कार्यकर्ता समान होते हैं, सिर्फ दायित्व अलग-अलग होता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता स्वयं की चिंता छोड़कर पार्टी संगठन और विचारधारा को आगे रखकर कार्य करें। श्री खण्डेलवाल ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) निर्वाचन आयोग द्वारा पहली बार नहीं कराया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू और स्वर्गीय इंदिरा गांधी के समय में भी निर्वाचन आयोग ने एसआईआर का अभियान चलाया था। यह प्रक्रिया हर 20-25 साल में निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चलाया जाता है। इस अभियान में फर्जी मतदाताओं को चिन्हित किया जाकर उनका समाधान किया जाता है। भाजपा कार्यकर्ता एसआईआर के कार्य में जनता का पूरा सहयोग करें, ताकि किसी भी मतदाता को किसी प्रकार की समस्या न आने पाए। भाजपा कार्यकर्ता यह अवश्य देखें कि आपके बूथ, क्षेत्र में ऐसे किसी व्यक्ति का नाम तो नहीं है, जो वहां नहीं रहता। अगर ऐसा कोई संदिग्ध मतदाता का नाम मिलता है तो आपत्ति दर्ज कराएं। एसआईआर होने के बाद चुनाव और निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जा सकेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सागर प्रवास के सागर प्रवास के दौरान मीसाबंदी व उनके परिवार जनों से भेंट की वहीं योगाचार्य श्री विष्णु आर्य के निवास पहुंचकर उनका सम्मान किया। डॉ. हरिसिंह गौर की जयंती पर डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
बैठक को प्रदेश महामंत्री व संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे एवं जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया। संचालन जिला कार्यालय मंत्री देवेंद्र कटारे एवं आभार सागर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रीमती रानी पटेल कुशवाह ने व्यक्त किया।
