
जबलपुर। संजीवनी नगर पुलिस ने धोखाधड़ी के प्रकरण में फरार 4 हजार रूपये के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
टीआई बी.डी. द्विवेदी ने बताया कि राजकुमार जैन निवासी मेन रोड गोटेगांव नरसिंहपुर ने लिखित शिकायत की थी कि उसके स्वामित्व की ग्राम कठोंदा में कृषि भूमि है। उसकी स्वामित्व की जमीन को उसके जीवित रहते हुये उसे मृत बताकर फर्जी कूटरिचत दस्तावेजों के आधार पर छल व धोखाधड़ी करते 21 अगस्त 2024 को उसकी जमीन को अन्य को विक्रय कर धोखाधडी की गयी। संपूर्ण शिकायत की जांच में आए साक्ष्य के आधार पर स्व माया केवट, सावित्री केवट, गोपाल केवट, विनोद केवट, मनोज केवट, प्रमोद केवट, शकुंतला राठौर, सुरेन्द्र सिंह राठौर, संतोष कुशवाहा, रीता केवट, मुकेश पाण्डेय के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी विनोद केवट, मनोज केवट, गोपाल, सुरेन्द्र राठौर, शकुन्तला राठौर को पूर्व मे गिरफ्तार कर लिया गया था। प्रकरण के आरोपी प्रमोद केवट, संतोष कुशवाहा, मुकेश एवं रीता केवट फरार थे ।जिनकी गिरफ्तारी पर प्रत्येक पर 4-4 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया गया था। फरार आरोपी प्रमोद केवट पिता स्व घासीराम केवट 42 वर्ष निवासी लक्ष्मीपुर बडी उखरी विजयनगर को गिरफ्तार करते हुये आज न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
