
भानपुरा। महाराजा यशवंत राव होलकर शासकीय महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 3 से 5 नवंबर तक तीन दिवसीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
युवा उत्सव के अंतर्गत मेहंदी, मांडना, क्ले मॉडलिंग, भाषण, गायन, पोस्टर निर्माण एवं रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मेहंदी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक डिजाइन बनाए, वहीं मांडना प्रतियोगिता में पारंपरिक लोककला एवं भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। क्ले मॉडलिंग में मिट्टी से सुंदर कलाकृतियां तैयार की गईं। गायन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मधुर प्रस्तुतियां दीं, जबकि पोस्टर एवं रंगोली के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास तथा आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य दिनेश कुमार पाटीदार के मार्गदर्शन में तथा कार्यक्रम प्रभारी डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. सीमा सेन एवं प्रोफेसर धर्मेंद्र सिंह राजपूत के संचालन में संपन्न हुआ। आयोजन में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
