
रायसेन। शहर की एक वन नर्सरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पूर्व कर्मचारी ने अचानक पहुंचकर डिप्टी रेंजर समेत तीन लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और महिला कर्मचारी सुमन बाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरे कर्मचारी डालचंद ने जमीन पर लेटकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार हमलावर पूरन उर्फ गुड्डा लोधी देसी कट्टा लेकर नर्सरी परिसर में पहुंचा और देखते ही देखते गोलियां चलानी शुरू कर दीं। डिप्टी रेंजर को पीठ में गोली लगी, वहीं सुमन बाई के शरीर को गोली आर-पार कर गई। डालचंद ने खतरा भांपते हुए नीचे झुककर खुद को बचा लिया, जिससे गोली उसके ऊपर से निकल गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव पास के एक पेड़ से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
बयान में घायल डिप्टी रेंजर ने बताया कि आरोपी ने एक के बाद एक करीब पांच राउंड फायर किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने भी पुष्टि की कि फायरिंग से पहले आरोपी ने डिप्टी रेंजर के पैर छुए, फिर किसी बात को लेकर नाराजगी जताई और अचानक गोलियां चला दीं।
बताया जा रहा है कि पूरन लगभग पांच वर्ष पहले उसी नर्सरी में मजदूरी करता था, लेकिन लापरवाही के चलते उसे काम से हटा दिया गया था। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है और हमले के पीछे की असली वजह तलाशने में जुटी है।
