तीन साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, शव पलंग पेटी में छिपाया

इंदौर. शहर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. तीन साल के एक बच्चे की पहले नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई, इसके बाद चेहरे पर ईंट से वार किया. आरोपियों ने वारदात छिपाने के लिए शव को पलंग पेटी में रख दिया और ऊपर बीमार बुजुर्ग महिला को सुला दिया. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अब भी फरार है.

वारदात शनिवार को बच्चे के घर से करीब 30 मीटर दूर स्थित एक छह मंजिला इमारत की छत पर की गई. हत्या के बाद शव को चौथी मंजिल के एक फ्लैट में ले जाकर छिपाया. बच्चा शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर के बाहर से लापता हुआ था. देर रात तक नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में बच्चा एक मल्टी में जाते हुए दिखाई दिया. परिजन जब वहां पहुंचे तो छत पर खून से सना उसका जैकेट मिला. पुलिस ने बताया कि मल्टी की छत पर कई जगह खून के निशान थे, जिन्हें साफ करने की कोशिश की गई थी. वहीं पीछे कचरे के ढेर से बच्चे का बैग भी बरामद हुआ. पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाश के दौरान 21 वर्षीय आरोपी रेहान पुलिस के साथ ही घूम रहा था. उसके हाव भाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद पूछताछ की गई. पहले वह चुप रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने बच्चे का शव पलंग पेटी में छिपाने की बात कबूल की. उसके साथ दोस्त रिजवान भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है. फ्लैट में दो से तीन लोग रहते हैं, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल है. रहवासी समीन खान ने बताया कि देर रात करीब साढ़े नौ बजे किसी महिला की बचाओ-बचाओ की आवाज सुनी गई थी, हालांकि उस वक्त कुछ पता नहीं चला. पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है. आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, मामले की जांच जारी है.

Next Post

पाकिस्तान समर्थन का असर: भारतीय पर्यटकों ने अज़रबैजान और तुर्की से बनाई दूरी

Sat Jan 31 , 2026
नई दिल्ली। पाकिस्तान के समर्थन को लेकर उपजे जनआक्रोश का सीधा असर पर्यटन पर दिखाई दे रहा है। जून से दिसंबर 2025 के बीच अज़रबैजान और तुर्की जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या में तेज गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2024 की तुलना में अज़रबैजान में भारतीय पर्यटकों का […]

You May Like