सीहोर। मुख्यमंत्री के संकल्प को साकार करते हुए आज बड़ा बाजार से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ. अभियान की शुरुआत नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, सीएमओ सुधीर सिंह, नपा अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों की मौजूदगी में हुई.
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रशासन को जनता के दरवाजे तक पहुंचाने का कार्य कर रही है. अब नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. अनबन नहीं, देरी नहीं, दूरी नहीं—मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, अब सरकार हमारे द्वार इसी संकल्प के साथ यह अभियान शुरू किया गया है.
उन्होंने कहा अब नामांतरण, भवन कर संबंधी कार्य, नवीनी करण की फाइलें अनावश्यक रूप से नहीं अटकेंगी एवं समग्र आईडी का अपडेट बिना किसी झंझट के त्वरित रूप से किया जाएगा. इसके साथ ही कुटीर उद्योगों एवं स्थानीय व्यापारियों को एनओसी एवं आवश्यक स्वीकृतियां सुपरफास्ट प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे रोजगार और व्यापार को नई गति मिलेगी. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, नल कनेक्शन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों तक तेजी से पहुंचाया जाएगा. यह अभियान सरकार और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेगा तथा प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने लंबित कार्यों का शीघ्र समाधान कराएं. प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है और यह अभियान उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इस अवसर पर समस्त पार्षद, नपा अधिकारी, कर्मचारी व नागरिक उपस्थित थे.
