
छिंदवाड़ा. विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट तृप्ति पाण्डे द्वारा देहात थाना की ओर से प्रस्तुत नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी मौसिया को धारा 64 (2) (एफ), 64(2) एम, बीएनएस के तहत 10 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 6000 रू अर्थदंड से दंण्डित किया गया। घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 13 वर्षीय नाबालिग को माह अगस्त 2025 रक्षाबंधन के समय एक महिने के लिये मामी ने आरोपी रिश्ते के मौसिया के यहां छोड़कर गई थी। इसी दौरान आरोपी मौसिया ने उसके घर में नाबालिग के साथ तीन-चार बार दुष्कर्म किया, इसके बाद नाबालिग अपनी सहेली के साथ जुन्नारदेव ट्रेन से जा रही थी। जिसे जुन्नारदेव रेल्वे स्टेशन में पुलिस ने पकड़ लिया था। फिर नाबालिग ने घटना के बारे में पुलिस को बताई थी। इस पर सी.डब्ल्यू.सी. के सदस्य के माध्यम से थाना देहात में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी के विरुद्ध थाना देहात में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना उपरांत अभियोग पत्र विशेष न्यायालय (पॉक्सो एक्ट) में प्रस्तुत किया गया जहां विचारण के दौरान आई मेडिकल साक्ष्य, वैज्ञानिक साक्ष्य तथा अभियोजन पक्ष तथा बचाव पक्ष के तर्कों को सुनने के उपरांत न्यायालय द्वारा आरोपी को धारा 64 (2) (एफ), 64(2) एम, बीएनएस में 10-10 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 3000-3000 रू अर्थदंड (कुल अर्थदण्ड 6000 रू.) से दंण्डित किया गया। प्रकरण की नाबालिग को न्यायालय द्वारा प्रतिकर राशि 3,00,000 दिये जाने की अनुशंसा के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को निर्देशित किया गया। प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक दिनेश कुमार उईके द्वारा पैरवी की गयी एवं विवेचना विजयराव माहोरे थाना प्रभारी थाना देहात एवं वर्षा सिंह उप. निरी. एवं थाना देहात द्वारा की गई।
