
सतना। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में गुरुवार से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस दौरान वर्ष 2025 की अंतिम मतदाता सूची का मिलान वर्ष 2003 की सूची से किया जाएगा और विधानसभावार मैपिंग की जाएगी। यह कार्य बीएलओ के माध्यम से संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की देखरेख में कराया जा रहा है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में पुनरीक्षण और मैपिंग कार्य की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोग के निर्देशानुसार एनेक्सर-1 में 2025 व 2003 की मतदाता सूची की जानकारी मिलाकर भरी जाएगी, जबकि एनेक्सर-2 में दोनों सूचियों में मेल खाने वाले मतदाताओं के परिवारों का विवरण दर्ज होगा।
इसके अलावा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति के लिए सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया गया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एक-एक बीएलए की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। बीएलए की नियुक्ति में फोटो और मोबाइल नंबर दर्ज करना भी अनिवार्य होगा।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विकास सिंह, एसडीएम एलआर जांगड़े समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
