​पातालकोट में पर्यटन को पंख: बीजाढाना में होम स्टे का लोकार्पण, अब सूर्योदय-सूर्यास्त का लुत्फ उठाएंगे पर्यटक

छिंदवाड़ा। पातालकोट के व्यू पाइंट में बने होम स्टे से सूर्योदय और सूर्यास्त को निहारने का अवसर, अब देश भर के पर्यटकों को मिलेगा। यहां पर्यटन ग्राम बीजाढाना में तीन होम स्टे का लोकार्पण शनिवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने किया। उन्होंने आदिवासी गांव को देश-प्रदेश के पर्यटकों के लिए यादगार बनने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। विश्व धरोहर दिवस पर प्रदेश के जैव विविधता विरासत स्थल तामिया-पातालकोट के सबसे दर्शनीय स्थल पर होम स्टे खुलने से पर्यटकों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने परार्थ समिति के साथ मिलकर पर्यटन ग्राम बीजाढाना में यह होम स्टे बनाए हैं, जो अब महाराष्ट्र व देश के अन्य प्रदेशों के पर्यटकों को लुभा रहे हैं। बाजे-गाजे और उत्साह के साथ हुए होम स्टे के लोकार्पण समारोह में एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री कामिनी ठाकुर, जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती, तामिया सीईओ सुश्री मोनिका झारिया, तहसीलदार संजय कुमार मसराम, डीएटीसीसी के नोडल अधिकारी बलराम राजपूत, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी, परार्थ समिति से मंजरी चांदे, मो. सगीर, कारेआम सरपंच सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

व्यू पाइंट है यहां का आकर्षण 

पर्यटन ग्राम बीजाढाना में रातेड़ बेस कैम्प पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। अभी तक इस बेस कैम्प में पर्यटकों के लिए रुकने की समुचित व्यवस्था नहीं थी। लेकिन अब मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से बने होम स्टे में रहकर पर्यटक बारिश और कोहरे का आनंद उठा सकेंगे। ये होम स्टे बहुत ही किफायती दामों पर उपलब्ध होगा।

ग्राम में कलेक्टर ने लगाई चौपाल

पर्यटन ग्राम बीजाढाना में कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने चौपाल भी लगाई। कलेक्टर श्री नारायन ने आसपास के गांवों से आए लोगों सहित ग्राम के निवासियों की समस्या को सुना और तत्काल उनका निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री नारायन ने सभी ग्रामीणों से गाँव में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और पर्यटकों से अच्छे से अच्छा व्यवहार करने का सुझाव दिया।

 

 

Next Post

पुलिस ने एक ही रात में पकड़े 114 फरार वारंटी

Sun Apr 19 , 2026
छिंदवाड़ा। जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जिले की पुलिस ने 17-18 अप्रैल की रात्रि में व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक ही रात में 114 वारंटियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निदेर्शानुसार पुलिस अधीक्षक […]

You May Like