जबलपुर: तिलवारा पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 9 किलो 781 ग्राम अवैध गांजा लगभग 4 लाख 89 हजार रुपये का बरामद किया गया है। पकड़े गए तस्कर उड़ीसा से माल लाकर शहर में पुड़िया बनाकर बेचने की फिराक में थे।तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि चूल्हा गोलाई वन चौकी के पास पुलिस पहुँची, तो तीन युवक हाथ में बैग लिए संदिग्ध हालत में खड़े दिखे।
पुलिस की गाड़ी देखते ही तीनों घबरा गए और नहर के रास्ते जंगल की ओर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी की और शुभम पटेल निवासी तिलवारा, शुभम शुक्ला निवासी विदिशा और नीरज डेहरिया निवासी तिलवारा) को पकड़ा। जब पुलिस ने इनके पास मौजूद पिट्टू बैग और थैलों की तलाशी ली, तो अंदर गांजे के पैकेट बरामद हुए।
पुलिस ने कुल 9 किलो 781 ग्राम मादक पदार्थ जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कि वे यह खेप तितलागढ़ (उड़ीसा) निवासी क्षितिज साहू से खरीदकर लाए थे। आरोपी इस थोक माल की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय स्तर पर फुटकर में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब उड़ीसा स्थित मुख्य सप्लायर की तलाश में कड़ियां जोड़ रही है।
