गांवों में सड़कें पहुंचाकर देंगे विकास को गति

भैरूंदा/ इछावर। विधानसभा क्षेत्र के 41 गांवों और बसाहटों को अब बेहतर सड़क संपर्क मिलने जा रहा है. रविवार को बोरदी में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 36 सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया. इन सड़कों से 19 हजार से अधिक आबादी को आवागमन की सुविधा मिलेगी.

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होने से आवागमन के साथ व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि शेष पात्र सड़कों को भी योजना में शामिल कराने के प्रयास किए जाएं, ताकि कोई गांव बेहतर सड़क सुविधा से वंचित न रहे. सभी गांवों में सड़कें पहुंचेंगी तो विकास को गति मिलेगी.

इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सड़कें ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी गांव सड़क संपर्क से अछूता न रहे. उन्होंने ग्रामीणों से गांवों को स्वच्छ रखने में जनभागीदारी निभाने का आह्वान किया.

अपने संबोधन में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि 36 सड़कों के निर्माण से 41 गांवों की 19 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क संपर्क बेहतर होने से स्थानीय व्यापार-व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा.

भाऊखेड़ी में 50 एकड़ में बनेगा कृषि विज्ञान केन्द्र

केंद्रीय मंत्री चौहान ने इछावर क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए भाऊखेड़ी के पास कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की। इसके लिए 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है. केंद्र में फल, फूल, सब्जी और अनाज सहित विभिन्न फसलों पर वैज्ञानिक प्रयोग और अनुसंधान किए जाएंगे. इस दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उत्पादन बढ़ाने और आय में वृद्धि के प्रयास किए जाएंगे.

बहन- बेटियों के अपराधियों को नहीं बख्शेंगे

भैरूंदा में कार्यक्रम के दौरान चौहान ने ग्रामीणों से गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया. उन्होंने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों से यह काम छोड़कर वैकल्पिक रोजगार अपनाने की अपील की. महिला अपराधों पर उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों के साथ अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस वर्ष मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए 8 लाख पक्के मकान बनाए जाएंगे. कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए.

भैरूंदा में स्कूल का लोकार्पण, विद्यार्थियों से संवाद

केंद्रीय मंत्री ने भैरूंदा में सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण किया. इसके बाद मामा कोचिंग पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई व भविष्य की तैयारियों के संबंध में चर्चा करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि वे स्वयं को मंत्री नहीं, बल्कि जनता का सेवक मानते हैं और जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी जिम्मेदारी है. कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा आदि मौजूद रहे.

 

 

Next Post

श्यामपुर में सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत

Mon Sep 28 , 2026
श्यामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बडऩगर से वाराणसी के लिए निकाली जा रही ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा का श्यामपुर पहुंचने पर ग्रामीणों, युवाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा स्वागत किया गया. […]

You May Like