लखीमपुर खीरी | उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में नीट (NEET) परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक की खबरों से आहत होकर 22 वर्षीय छात्र रितिक मिश्रा ने आत्महत्या कर ली। रितिक ने तीसरी बार नीट की परीक्षा दी थी और इस बार उसे चयन की पूरी उम्मीद थी, लेकिन परीक्षा की अनिश्चितता ने उसे मानसिक तनाव में डाल दिया। बृहस्पतिवार सुबह शहर के नौरंगाबाद स्थित मकान में उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता अनूप मिश्रा ने बताया कि रितिक डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था और इस साल की परीक्षा के लिए उसने दिन-रात मेहनत की थी। 3 मई को कानपुर में परीक्षा देने के बाद से वह पेपर लीक की चर्चाओं को लेकर काफी परेशान था। परिजनों के मुताबिक, वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर था। बुधवार को वह अपने पैतृक गांव कटौली से पढ़ाई के सिलसिले में शहर आया था, जहां उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला परीक्षा के तनाव से जुड़ा लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगी। छात्र की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।

