सतना:मैहर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर जीतनगर के निकट रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई. समाचार लिखे जाने पर दोनों की पहचान सुनिश्चत नहीं हो सकी थी. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करते हुए विवेचना शुरु कर दी गई है.शुक्रवार की सुबह 7:30 बजे मैहर रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के लोको पायलट द्वारा स्टेशन प्रबंधन को रेलवे ट्रैक पर दो शव पड़े होने की सूचना दी.
जिसके आधार पर स्टेशन प्रबंधक द्वारा कोतवाली थाना पुलिस मैहर को मेमो भेजा गया. जिसके आधार पर मैहर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस के अनुसार मैहर रेलवे स्टेशन से लगभग 4 किमी की दूरी पर जीतनगर क्षेत्र से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक पर युवक और युवती के शव पड़े हुए थे. पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के साथ ही वहां पर मौजूद लोगों से मृतकों के संबंध में पूछताछ की गई.
लेकिन वहां पर मौजूद कोई भी व्यक्ति दोनों मृतकों की पहचान नहीं कर सका. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा दोनों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मैहर की मर्चुरी में रखवा दिया गया. पुलिस द्वारा एक ओर जहां आस पास के सभी थानों में घटना की जानकारी साझा कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया के जरिए भी मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सुनिश्चत होने और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही जांच की दिशा निर्धारित हो सकेगी.
