भाजपा में हारे नेताओं के पुनर्वास और सत्ता संतुलन की कवायद, निगम-मंडलों में जल्द होंगी राजनीतिक नियुक्तियां

कन्हैया लोधी

भोपाल: प्रदेश में लंबे समय से अटकी राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर अब भाजपा में हलचल तेज हो गई है. संगठन चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सरकार और संगठन ने निगम-मंडल व आयोगों में नियुक्तियों के जरिए हारे नेताओं के पुनर्वास और सत्ता संतुलन साधने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है. संकेत हैं कि पहली सूची कभी भी जारी हो सकती है.सूत्रों के मुताबिक पहले चरण में करीब डेढ़ दर्जन नेताओं को निगम, मंडल और आयोगों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इनमें ऐसे कद्दावर नेता शामिल होंगे, जिनका संगठन और सरकार दोनों में प्रभाव रहा है, लेकिन अब तक उन्हें कोई बड़ी भूमिका नहीं मिल पाई थी. साथ ही विधानसभा और उपचुनाव में हार का सामना करने वाले नेताओं को भी नई जिम्मेदारी देकर सक्रिय भूमिका में लाने की तैयारी है.
राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्वाचित होने के बाद अब प्रदेश सरकार का फोकस पूरी तरह राजनीतिक नियुक्तियों पर आ गया है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच इस मुद्दे पर सहमति बन चुकी है. प्राथमिकता वाले नाम तय कर सूची हाईकमान को सौंप दी गई है. बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष को पहले ही प्रस्तावित नामों की जानकारी दी जा चुकी है. औपचारिक अनुमति मिलते ही नियुक्तियों का दौर शुरू होगा.
सूत्र बताते हैं कि पहली सूची में उपचुनाव हार चुके रामनिवास रावत, इमरती देवी और अरविंद भदौरिया के साथ कमल पटेल, चंदनारायण सिंह जैसे नेताओं को शामिल किया जा सकता है. वहीं विधायकों में प्रदीप लारिया, शशिलेंद्र कुमार जैन, अर्चना चिटनिस, अजय दिलोई और हरिशंकर खटीक को भी नया दायित्व मिल सकता है. इसके अलावा विनोद गोटिया, इंद्रजीत प्रताप सिंह, वेतन सिंह और अशोक जादौन के नामों पर भी चर्चा है.पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन नियुक्तियों के जरिए एक ओर हारे नेताओं का राजनीतिक पुनर्वास किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर सरकार-संगठन के बीच संतुलन बनाकर आगामी चुनावी तैयारियों को मजबूती दी जाएगी

Next Post

चालक को रोककर लूटी कार

Wed Jan 21 , 2026
जबलपुर: रसल चौक के पास चालक को रोककर कार लूटने का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत की गई। शिकायतकर्ता राजवीर सिंह छाबड़ा निवासी इंद्र मोहन नगर ने शिकायत में बताया कि उसकी कार क्रमांक एमपी 20 सी जे 8936 को चालक निलेश करी द्वारा रसल चौक के पास होटल […]

You May Like