गौतमपुरा में फिर सजेगा हिंगोट युद्ध का रणक्षेत्र

इंदौर: इंदौर जिले के गौतमपुरा में दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर होने वाला हिंगोट युद्ध अपने आप में बेहद अनोखा और रोमांचकारी है. यहां न तलवारें चलती हैं और न बंदूकें गरजती हैं, बल्कि बारूद से भरे हिंगोट एक-दूसरे पर बरसाए जाते हैं. आग के गोलों की रोशनी, बारूद की गूंज और योद्धाओं के जोश के बीच होने वाला यह युद्ध सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इस युद्ध में न कोई विजेता होता है और न कोई पराजित. यहां मुकाबला दुश्मनी का नहीं, बल्कि परंपरा और आपसी भाईचारे का होता है.

हिंगोट युद्ध की तैयारियां मैदान में पहुंचने से काफी पहले ही शुरू हो जाती हैं। इस अनोखे युद्ध में शामिल होने वाले योद्धा करीब 15 दिन से एक माह पहले से ही तैयारी में जुट जाते हैं. जंगलों में जाकर हिंगोनिया नामक पेड़ के फल एकत्रित किए जाते हैं. इसके बाद फलों का गूदा निकालकर उन्हें सुखाया जाता है. सूखने के बाद इन फलों में बारूद भरा जाता है और उनके मुंह को पीली मिट्टी से बंद किया जाता है. फिर बांस की खपच्ची लगाकर इन्हें युद्ध में इस्तेमाल के लिए तैयार किया जाता है. इसी तरह तैयार होता है वह हिंगोट, जो पड़वा के दिन गौतमपुरा की रणभूमि में आग का गोला बनकर बरसता है. यह परंपरा कितने वर्षों पुरानी है, इसकी सटीक जानकारी किसी के पास नहीं है. क्षेत्र के बुजुर्ग बताते हैं कि उन्होंने अपने पिता और दादा के समय से इस युद्ध को होते देखा है. पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही यह परंपरा आज भी आधुनिक दौर में उसी उत्साह के साथ निभाई जा रही है.

तुर्रा और कलंगी के बीच होता है मुकाबला
हिंगोट युद्ध में दो योद्धा दल हिस्सा लेते हैं. एक दल को तुर्रा और दूसरे को कलंगी कहा जाता है. युद्ध के दिन दोनों दलों के योद्धा सिर पर पगड़ी, साफा या हेलमेट पहनकर मैदान में उतरने की तैयारी करते हैं. घर की महिलाएं और बेटियां तिलक लगाकर उन्हें युद्धभूमि के लिए रवाना करती हैं. मैदान में पहुंचने से पहले दोनों दलों के योद्धा भगवान देवनारायण के मंदिर में पहुंचकर आशीर्वाद लेते हैं. यहां वरिष्ठों के आदेश के साथ ही हिंगोट युद्ध का आगाज होता है.

न दुश्मनी, न कोई बैर… फिर भी बरसते हैं आग के गोले
इस युद्ध की सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें शामिल होने वाले योद्धाओं के बीच कोई व्यक्तिगत दुश्मनी या रंजिश नहीं होती. दोनों दलों के लोग वर्षों से इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं. यहां न कोई आयोजक होता है और न कोई प्रायोजक, फिर भी परंपरा के प्रति लोगों का जुनून इसे आज तक जीवित रखे हुए है. हालांकि यह रोमांच जितना आकर्षक है, उतना ही जोखिम भरा भी है. हिंगोट की चपेट में आने से कई बार योद्धा ही नहीं, बल्कि दर्शक भी घायल हो जाते हैं. यही वजह है कि युद्ध के दौरान सुरक्षा इंतजामों का विशेष ध्यान रखा जाता है.

प्रशासन ने भी कसी कमर
हिंगोट युद्ध को लेकर अब प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई हैं. युद्ध मैदान का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है. मैदान में बड़ी संख्या में बैरिकेडिंग की जा रही है. दर्शकों और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ी-बड़ी सुरक्षा जालियां लगाई जा रही हैं. चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग का अमला और पर्याप्त एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

योद्धाओं का जुनून बरकरार

हिंगोट युद्ध में हिस्सा लेने वाले योद्धा लखन बताते हैं कि इस परंपरा में शामिल होने के लिए करीब 15 दिन पहले से तैयारियां शुरू करनी पड़ती हैं. जंगल से हिंगोनिया के फल लाने से लेकर उनकी सफाई, सुखाने और अन्य तैयारियों में काफी मेहनत लगती है. इसके बाद योद्धा परंपरागत वेशभूषा में सिर पर साफा या हेलमेट पहनकर युद्ध मैदान में उतरते हैं. लखन के मुताबिक, कुछ देर के इस अनोखे युद्ध के पीछे कई दिनों की मेहनत और वर्षों पुरानी परंपरा छिपी हुई है. योद्धाओं के बीच कोई दुश्मनी नहीं होती, लेकिन अपनी परंपरा को निभाने का जोश उन्हें हर साल मैदान में खींच लाता है.

एसडीएम बोले- सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं

क्षेत्रीय एसडीएम चरणजीत सिंह हुड्डा ने बताया कि हिंगोट युद्ध के आयोजन को लेकर पांच दिन पहले बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई है. सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं. युद्ध मैदान में सुरक्षा जालियां लगाई जा रही हैं, वहीं आयोजन के दौरान पर्याप्त एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके

Next Post

टीही-धार रेल लाइन का सीआरएस निरीक्षण और स्पीड ट्रायल सफल

Sun Nov 8 , 2026
इंदौर. इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना ने एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है. पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अंतर्गत टीही-धार के बीच नवनिर्मित 47 किलोमीटर लंबे रेलखंड का रेल संरक्षा आयुक्त सीआरएस द्वारा निरीक्षण और गति परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया गया. इस दौरान रेलवे ट्रैक, पुलों, सिग्नलिंग, […]

You May Like