इंदौर: एयरपोर्ट रोड पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक साध्वी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब साध्वी सड़क पार कर रही थीं और तेज रफ्तार क्रेन ने उन्हें कुचल दिया. घटना के बाद आरोपी चालक मौके से भाग निकला, हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने क्रेन जब्त कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी वरुणसिंह भाटी ने बताया कि मृतक साध्वी दो दिन पहले ही इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित अखंडधाम आश्रम में रुकी थीं. उनकी पहचान आरती उम्र लगभग 52 से 55 वर्ष के रूप में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी उनकी शिनाख्त की पुष्टि नहीं की है. हादसा शुक्रवार सुबह करीब 8.20 बजे का है. साध्वी अखंडधाम के सामने स्थित मस्तान चाचा मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रही थीं, तभी सड़क पार करते समय क्रेन नम्बर एमपी 01 सीवी 1080 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, क्रेन के अगले पहिए से टकराने के बाद साध्वी करीब 10 फीट तक घसीटती चली गईं.
हादसे में साध्वी की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि क्रेन ‘कृष्णा सर्विस’ के नाम से संचालित हो रही थी. घटना के तुरंत बाद चालक मौके से भाग निकला, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया.एरोड्रम पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हादसे की सूचना पर क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों — कपिल यादव, गोलू संखिता, नवीन प्रजापत, लक्ष्य यादव सहित अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने तुरंत अखंडधाम आश्रम में सूचना दी, लेकिन वहां से कोई संत या जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा.
अखंडधाम के महामंडलेश्वर डॉ. चेतन स्वरूप ने कहा कि साध्वी कब आश्रम में आईं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रावण मास में देशभर से साधु-संतों का आश्रम में आना-जाना लगा रहता है और सभी का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य नहीं होता. फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव को जिला अस्पताल भिजवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. एरोड्रम पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर क्रेन को जब्त कर लिया है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्रेन चालक लायसेंसधारी था या नहीं.
