मुंबई, 30 मार्च (वार्ता) भारी उतार-चढ़ाव के बीच सोमवार को पहली बार 95 रुपये प्रति डॉलर से भी ज्यादा कमजोर होने के बाद रुपया अंत में 15 पैसे मजबूत होकर बंद हुआ।
अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में आज रुपये की शुरुआत 123.25 पैसे की जबरदस्त तेजी के साथ 93.62 रुपये प्रति डॉलर पर हुई। प्रारंभ में ही यह 93.57 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। लेकिन इसके बाद इसका ग्राफ लगातार नीचे उतरता गया और दोपहर बाद एक समय यह 95.2275 रुपये प्रति डॉलर तक टूट चुका था।
पहली बार एक डॉलर 95 रुपये का बोला गया। हालांकि बाद में वापसी करते हुए भारतीय मुद्रा 15.25 पैसे की बढ़त में 94.70 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई।
पिछले कारोबारी दिवस पर रुपया 89.25 पैसे गिरकर 94.8525 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में मजबूती से भारतीय मुद्रा पर दबाव है। डॉलर सूचकांक 100 से ऊपर पहुंच गया है। आज इसमें फिलहाल 0.3 प्रतिशत से अधिक की तेजी है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम तीन फीसदी बढ़ने और विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार में बिकवाल रहने से भी रुपये पर दबाव रहा। हालांकि निजी एवं सार्वजनिक बैंकों की ओर से डॉलर की बिकवाली ने रुपये को समर्थन दिया।
