जबलपुर: हनुमानताल थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक को दो लाख रूपए उधार लेना उस वक्त महंगा पड़ गया ब्याज समेत उधारी चुकाने के बाद भी 70 हजार की और डिमांड कर गिरवी रखे मकान के दस्तावेजों के जरिए उसके मकान को हड़पने की साजिश रची जाने लगी। पीडि़त ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है ।पीडि़त मोहम्मद सईद पिता स्व. अब्दुल हमीद निवासी ढलगर मोहल्ला हनुमानताल ने बताया कि करीब 11 माह पूर्व उसका अचानक स्वास्थ्य बिगड़ गया था।
पड़ोसी असलम खां के जरिए अशोक खत्री नामक व्यक्ति के पास अपने मकान के कागजात गिरवी रखकर उससे दो लाख रुपये उधार लिया था जिसके बाद उस पर अब मकान बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। षडयंत्र रच कूटरचित दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर भी करा लिये है। जबकि उसने 20 हजार रुपया ब्याज भी दे चुका है। 70 हजार रूपए और ब्याज जोडक़र उसे बेदखल कर कब्जा करना चाह रहे है। पूर्व में मामले की शिकायत थाने में की थी लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
