विदिशा: जिले के शासकीय अस्पतालों में कार्यरत सैकड़ों आउटसोर्स सफाई कर्मचारी, वार्डबॉय और अन्य कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की. कर्मचारी पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं अखिल भारतीय मजदूर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष बोहत एडवोकेट के रामद्वारा स्थित कार्यालय पहुंचे और सामूहिक रूप से अपनी समस्याएं रखीं.कर्मचारियों ने बताया कि जिला अस्पताल सहित अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय और विभिन्न ब्लॉक अस्पतालों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को वर्ष 2024-25 के 15 दिन का वेतन और पिछले 23 माह का एरियर अब तक नहीं मिला है.
इस संबंध में कई बार कलेक्टर, श्रम विभाग और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या राष्ट्रीय स्तर तक भी उठाई है और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो को भी शिकायत भेजी, लेकिन समाधान नहीं निकल सका. लगातार ज्ञापन देने के बावजूद उन्हें उनका हक नहीं मिल पा रहा है.
