अशोकनगर: देहात थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं। आरोपियों द्वारा संगठित तरीके से लोगों को विवाह कराने का लालच देकर पैसे ऐंठे जाते थे।मामला उस समय सामने आया जब पीड़ित परिवार महिला को शादी के लिए जबलपुर ले जा रहा था। रास्ते में महिला ने अचानक शोर मचाते हुए जबरन ले जाने का आरोप लगाया। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला और पीड़ित पक्ष से पूछताछ की, जिसमें ठगी की पूरी साजिश उजागर हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपिया काजल गोस्वामी, उसके मौसी का बेटा देवेंद्र गोस्वामी और एक अन्य साथी ने फरियादी बाबूलाल विश्वकर्मा (निवासी ग्राम आधारताल कंचनपुर, जिला जबलपुर) के बेटे की शादी काजल से कराने के नाम पर 29 मार्च को फोन-पे के माध्यम से 55 हजार रुपये और 45 हजार रुपये नकद वसूल लिए।रविवार होने के कारण कोर्ट मैरिज अगले दिन करने की बात कहकर आरोपिया को साथ ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान पूर्व नियोजित योजना के तहत काजल ने ग्राम कजराई में गाड़ी रुकवाकर हंगामा किया, ताकि पीड़ित पक्ष डरकर भाग जाए और आरोपी पैसे लेकर फरार हो सकें। हालांकि पुलिस की तत्परता से पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।मामले में काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक भुवनेश शर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
