हर परिवार को शुद्ध एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकता: डॉ.राजेश

सीधी। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम एवं कलेक्टर विकास मिश्रा की उपस्थिति में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित एकल ग्राम नल-जल योजनाओं एवं समूह जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में योजनाओं के निर्माण, संचालन, रखरखाव एवं ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा कि हर ग्रामीण परिवार को शुद्ध एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराते हुए ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने हैण्डपंपों का समय पर रखरखाव एवं मरम्मत, नल-जल योजनाओं का 2 अक्टूबर तक हैण्डओवर, पेयजल स्रोतों में नियमित क्लोरीनेशन तथा सभी योजनाओं का सर्वे कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि छोटी-छोटी तकनीकी अथवा व्यवस्थागत समस्याओं के कारण नल-जल योजनाएं बंद नहीं रहनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समस्याओं का तत्काल निराकरण करें और अपनी जिम्मेदारी से बचने के बजाय समाधान पर ध्यान दें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र परिवारों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के संचालन और लाभ की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने अधिकारियों को जल जीवन मिशन की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कलेक्टर ने संचालित योजनाओं की जनपदवार सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक प्रगतिरत योजना की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों की जानकारी भी साझा करने के निर्देश दिए। बैठक में देवेन्द्र त्रिपाठी, प्रमोद द्विवेदी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री त्रयम्बकेश कुमार द्विवेदी, मध्यप्रदेश जल निगम के महाप्रबंधक नीरव अग्रवाल, सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।

धौंहनी विधायक ने ली योजनाओं की स्थिति की जानकारी

धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने अधिकारियों से वास्तविक रूप से संचालित नल-जल योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी योजनाओं के शेष कार्यों को दिसम्बर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाए ताकि स्थानीय स्तर पर छोटी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके। बिजली अथवा मोटर में खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था एवं समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Next Post

खंडवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पदमनगर नकबजनी का खुलासा, 2 शातिर गिरफ्तार, 2 लाख का माल बरामद

Sat Sep 19 , 2026
खंडवा। सम्पत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खंडवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पदमनगर पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये का […]

You May Like