
खंडवा। सम्पत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खंडवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पदमनगर पुलिस ने नकबजनी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये का मशरूका और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
यह था मामला-दिनांक 04 सितंबर को बंगाली कॉलोनी निवासी फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश घर का ताला तोडक़र अंदर घुसे और अलमारी व लॉकर के ताले तोडक़र करीब 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और लगभग 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर थाना पदमनगर में अपराध क्र. 250/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऐसे पकड़े गए आरोपी-घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र तारनेकर एवं सीएसपी श्री अभिनव कुमार बारंगे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह देवड़ा ने विशेष टीम गठित की। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। 18 सितंबर को मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुम्हार समाधि मैदान के पास दबिश देकर इकरार उर्फ इक्का पिता अकरम शेख (27) निवासी बंगाली कॉलोनी और समीर पिता असलम (29) निवासी छीपा कॉलोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने फरार साथी सुभाष पिता अशोक निवासी बंगाली कॉलोनी के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया।
बरामदगी-आरोपियों की निशानदेही पर सोने का पेंडेंट, सोने के मोती, चांदी की पायल, पीली धातु की दो प्लेट, चैन-पेंडल, 35 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बजाज बॉक्सर मोटरसाइकिल क्रमांक रूक्क10श्व2032 बरामद की गई। कुल मशरूका करीब 2 लाख रुपये का है। फरार आरोपी सुभाष की तलाश जारी है। आरोपी समीर के खिलाफ पहले से भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-थाना प्रभारी दिलीप सिंह देवड़ा, उनि हर्ष सोनगरे, प्रआर राधेश्याम पाल, आरक्षक नितिन, अनिल, रितेश तथा साइबर सेल से जितेंद्र राठौर एवं सुनील लाडगे की भूमिका सराहनीय रही।
