अस्पताल में मरीज की मौत के बाद जमकर हुआ हंगामा

सतना: मैहर जिले के अमरपाटन सिविल अस्पताल में शनिवार तड़के इलाज के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। लापरवाही के चलते मरीज की मौत हो जाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल में न सिर्फ जमकर हंगामा किया। बल्कि ड्यूटी रूम का दरवाजा तोड़कर ऑन-ड्यूटी डॉक्टर शैलेश सिंह और सुरक्षा गार्ड अरुण सिंह के साथ मारपीट के आरोप भी सामने आए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। फिलहाल दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरसरी निवासी 61 वर्षीय नारायण द्विवेदी (पिता राम गरीब) को सांस लेने में गंभीर तकलीफ के चलते परिजन शुक्रवार रात करीब 2 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। सुबह करीब 5 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन केशव कुमार मिश्रा का आरोप है कि प्राथमिक दवा देने के बाद मरीज को वार्ड नंबर 2 में शिफ्ट कर दिया गया था। मरीज की हालत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन डॉक्टर या स्टाफ नर्स देखने नहीं पहुंचे। बार-बार बुलाने पर सुरक्षा गार्ड ही आकर ऑक्सीजन लगाता और देखता रहा। परिजन का कहना है कि गुहार लगाने के करीब आधे घंटे बाद डॉक्टर पहुंचे और समय पर सही इलाज न मिलने के कारण मरीज ने दम तोड़ दिया।

आरोपों को चिकित्सक ने किया खारिज

ऑन-ड्यूटी डॉ. शैलेश सिंह ने परिजन के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि मरीज की स्थिति शुरुआत से ही बेहद नाजुक थी। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजन ने सुबह जाने की बात कही।इसके बाद परिजन बिना बताए मरीज को ऊपर के वार्ड में ले गए और गार्ड से ऑक्सीजन लगवा ली। सुबह जांच के बाद जब मरीज को मृत घोषित किया गया, तो 8 से 10 लोगों ने ड्यूटी रूम में घुसकर गाली-गलौज करते हुए उनके और गार्ड के साथ मारपीट की।

पुलिस प्रशासन ने संभाला मोर्चा

अस्पताल में हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी साधना कठेल और तहसीलदार प्रवीण त्रिपाठी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर परिजन को शांत कराया और मामले को नियंत्रण में लिया। पुलिस अब दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है।

Next Post

शहर में ‘सरकार आपके द्वार’ का आयोजन आज

Sun Oct 4 , 2026
सतना: नागरिकों को शासकीय सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके नजदीक ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्र में ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगर पालिक निगम सतना द्वारा शहर के सभी जोन […]

You May Like