
सारंगपुर। सारंगपुर के गोपालपुरा जयनगर इलाके में शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे गुटखा पाउच के महज 200 रुपए के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए. इनमें से बीच-बचाव करने आए एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक इलाज के बाद शाजापुर रेफर कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, गोपालपुरा निवासी निखिल नायक चाय-पाउच की दुकान चलाता है. राधानगर निवासी मजदूर अनिल (30) ने कुछ समय पहले निखिल की दुकान से सामान लिया था. शुक्रवार रात जब निखिल ने बकाया 200 रुपए मांगे, तो अनिल ने देने से मना कर दिया. इसी बात पर कहासुनी और गाली-गलौज से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते मारपीट में बदल गया.
बीच-बचाव करने आए युवक को आई गंभीर चोट-झगड़े की खबर मिलते ही अनिल के पिता कमल नट और उसकी बहन मौके पर आ पहुंचे. दूसरी तरफ निखिल के दोस्त आयुष अस्थाना, हेमंत जाटव और श्रीकांत विश्वकर्मा भी वहां मौजूद थे और मामला शांत कराने की कोशिश करने लगे. इसी झूमाझटकी में अनिल नट, उसके पिता कमल और बीच-बचाव कर रहा श्रीकांत घायल हो गए। सिर और शरीर में गंभीर चोट आने पर श्रीकांत को शाजापुर रेफर किया गया, वहीं अनिल व कमल का इलाज सारंगपुर सिविल अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस ने क्या बताया?
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली. पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में विवाद की वजह पैसों का लेनदेन ही सामने आई है, जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
