हॉकी ने भारत को ओलंपिक्स में खास जगह दिलाई : मांडविया

नयी दिल्ली, 07 नवंबर (वार्ता) केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को हॉकी के शताब्दी समारोह में कहा कि ओलंपिक में हॉकी के जरिए ही हमने दुनिया को दिखाया कि भारत खेलों में क्या हासिल कर सकता है।
आज यहां भारतीय खेल प्राधिकरण और हॉकी इंडिया ने ऐतिहासिक मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एक भव्य शताब्दी समारोह के साथ भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाया।
इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “इस खेल ने कई दौर देखे हैं, और ओलंपिक में हॉकी के जरिए ही हमने दुनिया को दिखाया कि भारत खेलों में क्या हासिल कर सकता है। तब से हमने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने समृद्ध इतिहास के साथ, भारतीय हॉकी एक बार फिर से आगे बढ़ रही है और एक और ओलंपिक पदक की ओर बढ़ रही है। आज जब देश भर में एक हजार से अधिक मैच खेले जा रहे हैं, तो पूरा भारत इस गौरवपूर्ण पल का जश्न मना रहा है। भारत सरकार हमारे खिलाड़ियों और खेल को हर संभव तरीके से सपोर्ट करती रहेगी। मैं हॉकी इंडिया, खिलाड़ियों, कोचों और फैंस को इस शानदार सफर का हिस्सा बनने के लिए बधाई देता हूं।”
संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि इस खास मौके पर मैं खेल के दिग्गजों के बीच खड़ा हूं। भारतीय हॉकी के लिए यह एक लंबा और प्रेरणादायक सफर रहा है। मैं हॉकी इंडिया को हमारे महान खिलाड़ियों के साथ-साथ मौजूदा सितारों को सम्मानित करने, हमारे समृद्ध इतिहास को हमारे उज्ज्वल भविष्य के साथ जोड़ने के लिए बधाई देता हूं। इस अविश्वसनीय सफर का हिस्सा रहे सभी लोगों को बधाई।”
एफआईएच के अध्यक्ष दातो तैयब इकराम ने कहा, “भारतीय हॉकी के लिए इस ऐतिहासिक मील के पत्थर का हिस्सा बनना खुशी की बात है। आज हम अपने दिग्गजों, खिलाड़ियों, फैंस और प्रशासकों का आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने इस सफर को आकार दिया है। भारत ने 100 साल के लचीलेपन और इनोवेशन के जरिए विश्व हॉकी में नेतृत्व किया है। मैं भारत सरकार और हॉकी इंडिया को उनके लगातार सपोर्ट के लिए धन्यवाद देता हूं। टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारत की वापसी उसकी ताकत दिखाती है, और मुझे विश्वास है कि अगले 100 साल भारतीय हॉकी के लिए और भी शानदार होंगे।”
इस खास मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री, डॉ. मनसुख मांडविया, खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खड़से, संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू, तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री थिरु उदयनिधि स्टालिन, ओडिशा के खेल और युवा सेवा मंत्री, सूर्यबंशी सूरज, एफआईएच के अध्यक्ष दातो तैयब इकराम, और अन्य गणमान्य व्यक्ति, हॉकी के दिग्गज और राष्ट्रीय टीमों के सदस्य मौजूद थे।
समारोह की शुरुआत डॉ. मांडविया की अगुवाई वाली स्पोर्ट्स मिनिस्टर इलेवन और डॉ. दिलीप टिर्की के नेतृत्व वाली हॉकी इंडिया इलेवन का एक प्रदर्शनी मैच से हुई। यह मैच स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री इलेवन ने 3-1 से जीता, जिसमें ब्यूटी डुंगडुंग, सलीमा टेटे और कृष्णा पाठक ने गोल किए, जबकि मनप्रीत सिंह ने हॉकी इंडिया इलेवन के लिए गोल दागा। इस दौरान केन्द्रीय खेल मंत्री डा. मनसुख मांडविया, खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे, केन्द्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने हॉकी का आंनद लिया।
हॉकी इंडिया ने खेल में उनके स्थायी योगदान और खिलाड़ियों की पीढ़ियों को प्रेरित करने के लिए खेल के कुछ सबसे मशहूर हस्तियों को भी सम्मानित किया। इस समारोह में गुरबक्स सिंह, हरबिंदर सिंह, अजीत पाल सिंह, अशोक कुमार, बी. पी. गोविंदा, असलम शेर खान, जफर इकबाल, ब्रिगेडियर हरचरण सिंह वीएसएम, विनीत कुमार, रोमियो जेम्स, असुंता लाकड़ा और सुभद्रा प्रधान शामिल थे।
इस अवसर पर हॉकी मैचों सदी की जीत, चुनौतियों और फिर से वापसी के जरिए इस खेल के सफर के बारे में जानकारी देने वाली पुस्तक “100 इयर्स ऑफ इंडियन हॉकी” का विमोचन किया गया। साथ ही एक खास फोटो प्रदर्शनी में भी आर्काइव तस्वीरों, ओलंपिक पलों और यादगार चीजों के जरिए भारतीय हॉकी के शानदार इतिहास की एक झलक दिखाई गई, जिसमें 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक से लेकर आज तक इस खेल के विकास को दिखाया गया।
समारोह के दौरान में पुरुष एफआईएच हॉकी जूनियर वर्ल्ड कप 2025 टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण किया गया। यह टूर्नामेंट 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै शहरों में खेला जाएगा। इस जश्न में चार चांद लगाते हुए, गायक और संगीतकार सिद्धार्थ महादेवन ने अपने गीत से वहां मौजूद लोग मंत्रमुग्ध किया।
राष्ट्रव्यापी हॉकी उत्सव एक साथ 500 जिलों में आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश भर में आयोजित 1000 से अधिक प्रदर्शनी मैचों में 36,000 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, “यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मैं उसी स्टेडियम में खड़ा हूं जहां मैंने अपने पहले शिविर में भाग लिया था और अपना पहला बड़ा टूर्नामेंट खेला था। आज उन लोगों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने एक सदी पहले भारतीय हॉकी की नींव रखी थी और हर उस खिलाड़ी को जिसने इस खेल के जरिए देश का नाम रोशन किया है। हमें उन सभी स्टेकहोल्डर्स को भी पहचानना चाहिए जो हॉकी को बढ़ावा देने के लिए अथक प्रयास करते हैं, जिसमें भारत सरकार भी शामिल है जिसने हमें बहुत ज़्यादा सपोर्ट दिया है। मुझे विश्वास है कि आने वाले सालों में हमें गर्व के और भी कई पल देखने को मिलेंगे।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा, “इस उत्सव को हकीकत बनाने के लिए भारत सरकार और आज यहां मौजूद सभी सम्मानित गणमान्य व्यक्तियों का विशेष धन्यवाद। यह पल पूरे हॉकी समुदाय का है, और हमें गर्व है कि हम इसे हर राज्य में मना रहे हैं। मैं खेल को आगे बढ़ाने में उनके लगातार समर्थन और योगदान के लिए अपनी राज्य सदस्य इकाइयों को भी धन्यवाद देता हूं।”

Next Post

हॉकी का पुराना गौरव लौटाने का संकल्प लें खिलाड़ी : रेखा आर्या

Fri Nov 7 , 2025
नैनीताल, 07 नवंबर (वार्ता) भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे होने के अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को कहा कि खिलाड़ी हॉकी का पुराना गौरव लौटाने का संकल्प लें। आज यहां खेल मंत्री बिना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के हल्द्वानी स्थित मानसखंड खेल परिसर पहुंची और हॉकी खिलाड़ियों […]

You May Like