रायपुर, 03 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को रायपुर, दुर्ग, भिलाई और गरियाबंद में कई कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। यह कार्रवाई मुख्य रूप से कृषि से जुड़े कारोबारियों पर केंद्रित रही।
ईडी की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राज्य सरकार में मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ईडी गड़बड़ी करने वालों पर निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई कर रही है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि भाजपा शासित राज्यों में बड़े घोटालों की जांच क्यों नहीं होती।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नकली होलोग्राम वाली शराब बिक्री और नशे का कारोबार खुलेआम हो रहा है, लेकिन उस दिशा में कोई जांच नहीं हो रही। उन्होंने जग खरीदी, बस्तर ओलंपिक और चावल घोटाले की जांच की भी मांग उठाई।
