पांच घंटे चला रेस्क्यू, दो कारें भी खाक
इंदौर: तेजाजी नगर के कैलौद फाटा क्षेत्र में शनिवार रात एक कबाड़ दुकान में आग भड़क गई. हवा के चलते आग ने पास की दो अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया. फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 70 हजार लीटर पानी खर्च कर सुबह 5 बजे तक आग पर काबू पाया. दूसरी ओर, बंगाली चौराहा क्षेत्र में रविवार सुबह दो कारें भी जल गईं. किसी भी घटना में कोई जनहानी नहीं हुई.
फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार तेजाजी नगर में कबाड़ की दुकान में आग लगने की सूचना रात 11.30 बजे फायर ब्रिगेड को मिली. मोती तबेला फायर स्टेशन से एसआई संतोष दुबे के नेतृत्व में दो फायर के वाहन मौके पर भेजी गईं. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की परमजीत की तिरपाल दुकान और राठौर की जनरल दुकान भी जलकर राख हो गईं. कबाड़ दुकान एक शेड में थी और मालिक मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे पहचान नहीं हो सकी. फायर ब्रिगेड की टीम को शेड का मलबा हटाकर आग बुझानी पड़ी.
मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए थे. गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन तीनों दुकानों को भारी नुकसान हुआ है.
इधर, सुबह करीब 6 बजे बंगाली चौराहा क्षेत्र की प्रशांत सागर कॉलोनी में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई. आग ने पास में खड़ी दूसरी कार को भी चपेट में ले लिया. फायर ब्रिगेड की टीम ने 2500 लीटर पानी की मदद से आग पर काबू पाया. दोनों कार मालिकों के नाम सरदार गुर्जर और विशाल कुमार बताए गए हैं. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
