इंदौर: बंगाली चौराहा क्षेत्र की शराब दुकान के पास शनिवार रात उस समय हंगामा मच गया जब एक युवक ने गली में खुलेआम पेशाब कर रहे शराबी को टोका. बात इतनी बढ़ी कि शराबियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी. गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इस घटना से आक्रोशित रहवासी एकजुट होकर दुकान पर पहुंचे और विरोध जताया.किष्किंधा अपार्टमेंट में रहने वाले अमन रोकड़े अपने रिश्तेदार अभय के साथ गली से घर लौट रहे थे.
उन्होंने देखा कि शराब दुकान के पास गली में कुछ लोग खुलेआम शराब पी रहे थे और एक युवक उसी गली को सार्वजनिक सुविधा की तरह इस्तेमाल कर रहा था. अमन ने जब उसे टोका, तो वह भड़क गया और पत्थर फेंकने लगा. अमन और अभय जान बचाकर अपार्टमेंट में पहुंचे और रहवासियों को जानकारी दी. इसके बाद किष्किंधा मल्टी के कई निवासी इकट्ठा हो गए और सीधे शराब दुकान पहुंचकर वहां मौजूद लोगों और दुकानदार से विरोध जताया. रहवासियों का कहना है कि रोजाना शराबी गली में बैठकर शराब पीते हैं और वहीं पेशाब भी करते हैं.
कई बार महिलाएं और बच्चे असहज महसूस करते हैं. शनिवार की घटना के बाद जब हंगामा हुआ, तब भी पुलिस नहीं पहुंची. विवाद के दौरान सोनू नामक युवक से भी रहवासियों की बहस हुई. रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त न होने से शराबियों के हौसले बुलंद हैं. अब कॉलोनीवासियों की मांग है कि शराब दुकान के आसपास शराब पीने पर सख्ती की जाए और गली को सार्वजनिक शौचालय समझने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो. मामले में पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं, इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
