भोपाल:आंचलिक विज्ञान केन्द्र भोपाल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर Give to Gain थीम के तहत 6 से 8 मार्च तक विशेष विज्ञान कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य बालिका विद्यार्थियों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के प्रति रुचि बढ़ाना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है।कार्यक्रम के पहले दिन हमारा मूल तारा सूर्य विषय पर संवादात्मक सत्र आयोजित हुआ, जिसमें छात्राओं को सूर्य की संरचना, नाभिकीय संलयन प्रक्रिया, सौर चक्र और सूर्य धब्बों जैसी घटनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही भारत के सौर अनुसंधान प्रयासों और आदित्य-एल1 मिशन से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
इसके बाद हैंड्स-ऑन कार्यशाला में छात्राओं ने मॉडल निर्माण और प्रयोगात्मक गतिविधियों में भाग लिया तथा वर्चुअल रियलिटी के माध्यम से सौरमंडल की आभासी यात्रा का अनुभव प्राप्त किया। आगामी दिनों में STEM कार्यशाला, विज्ञान शो, सनस्पॉट अवलोकन और शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किए जाएंगे।
