
शाजापुर, शहर कैसे विकसित हो, शहर को विकसित करने के लिए क्या-क्या आवश्यकता है, इस बात के सुझाव के लिए शाजापुर विधायक ने पहली बार सोशल मीडिया के ग्रुप के सदस्यों को आमंत्रित किया. दलगत राजनीति से हटकर विधायक अरुण भीमावद ने इसकी शुरुआत शाजापुर के सबसे चर्चित व्हाट्स एप ग्रुप नवभारत विचार मंच से की. नवभारत विचार मंच के लगभग 100 सदस्यों ने स्थानीय विश्राम गृह पर पहुंचकर विधायक अरुण भीमावद के समक्ष शहर विकास के लिए अपने सुझाव रखे और सभी सदस्यों के सुझावों को अमल में लाने के लिए विधायक ने आश्वासन दिया.
गौरतलब है कि संभवत: यह पहला मौका होगा, जब किसी विधायक ने सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्यों को शहर विकास से जोडऩे के लिए आमंत्रण दिया. इस कड़ी में नवभारत विचार मंच के 100 सदस्यों ने भाग लेकर शहर विकास को लेकर अलग-अलग विचार रखे. इस आयोजन में कांग्रेस, भाजपा, हिंदू-मुस्लिम सभी जाति, धर्म के लोग शामिल थे. दलगत राजनीति से हटकर पहली बार इस तरह का आयोजन किया गया. जिसमें मुस्लिम समाज के वरिष्ठजन, शहर काजी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पत्रकार, वकील, व्यवसायी, भाजपा पार्षद सहित हर वो सदस्य मौजूद था, जो शहर विकास के लिए सुझाव लेकर आया था. विकास के सुझाव के लिए राजीव दुबे, अनूप किरकिरे, इरशाद खान, शहर काजी प्यारे मिया, शेख शम्मू, सलीम सदर, पत्रकार इमरान खरखरे, अशफाक खान, महेश भावसार, धीरेंद्र सिंह भदौरिया, भाजपा नगर अध्यक्ष आशीष नागर, गोविंद नायक, मनोहर विश्वकर्मा, शीतल भावसार, अजय सिंह, हेमेंद्र व्यास, किशोर सिंह दरबार, दुष्यंत सोनी, नईम कुरैशी, शैलेंद्र पायलेट, सुनील नाहर, उमेश टेलर, पप्पू सदर, अमर सिंह कुशवाह, राहुल परमार, अतुल पालीवाल, मंडल अध्यक्ष बेरछा, बब्लू सदर, गोविंद शर्मा, रमेश पाटीदार, विष्णु गवली, चिनेश गवली, मोनू गवली, अभिमन्यु मिश्रा आदि ने अपने सुझाव दिए. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे और नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन भी मौजूद थे.
शहर विकास के लिए सुझाव आए सामने
नवभारत विचार मंच के सदस्यों में सबसे पहले मुरादपुरा और बादशाही पुल की मांग की गई, जिस पर विधायक अरुण भीमावद ने बताया कि बादशाही पुल का निर्माण जल्द शुरू होने वाला है और मुरादपुरा पुल की भी तैयारी चल रही है. शहर में अच्छी शिक्षा के लिए एजुकेशन हब बनाने का सुझाव आया, तो वहीं स्कूल, कॉलेज के आसपास पुलिस सुरक्षा की मांग की गई. चीलर नदी को संवारने के साथ ही यहां पर्यटन स्थल बनाने के लिए प्रयास की मांग की गई. वहीं शहर में बढ़ते नशे को लेकर शहर के गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों ने चिंता जताते हुए कहा कि शहर से हर हाल में नशा बंद होना चाहिए. कई लोगों ने रेल स्टॉपेज को लेकर भी सुझाव दिए. इस पर विधायक अरुण भीमावद ने सभी सुझावों को एक-एक करके सदस्यों से चर्चा की और उन पर आश्वासन देते हुए जल्द ही अमलीजामा पहनाने की बात कही.
हर सोशल मीडिया ग्रुप से रूबरू होंगे विधायक
विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि शहर के जितने भी सोशल मीडिया ग्रुप हैं, उनमें जो लोग शामिल हैं, वे सदस्य शहर को कैसे विकसित करें, इसके लिए सुझाव तैयार करें. आने वाले समय में शहर के हर मीडिया ग्रुप के सदस्यों से परिचर्चा कर शहर के विकास का खांका तैयार किया जाएगा. यह पहला मौका है जब इस तरह का आयोजन सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्यों के साथ किया गया.
कोविड से लेकर मरीजों की अर्थिक मदद में आगे रहा नवभारत
विधायक अरुण भीमावद ने सोशल मीडिया ग्रुप नवभारत विचार मंच के बारे में कहा कि शहर का ये ऐसा मंच है, जिसमें सभी लोग विभिन्न विषयों पर अपनी राय रखते हैं, जो जनप्रतिनिधियों के भी काम आती है. नवभारत विचार मंच ने कोविड के समय जो मरीजों की मदद की. साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के इलाज के लिए भी नवभारत विचार मंच ने लाखों रुपए की राशि जुटाई. यह सराहनीय पहल है.
