सिलीगुड़ी, 24 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के शिविर में गोलीबारी के मामले में बीएसएफ जवान शिवम कुमार मिश्रा को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद साथी बीएसएफ जवानों ने मिश्रा को काबू में कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया था। मिश्रा को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने से पहले उससे कई घंटों तक पूछताछ की गयी थी।
मालदा जिले में वैष्णवनगर स्थित बीएसएफ शिविर में गुरुवार शाम हुई गोलीबारी की इस घटना में दो जवानों की मौत हो गयी थी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने मिश्रा को मालदा जिला अदालत में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत मांगी है।
घटना में 119वीं बटालियन में तैनात मिश्रा ने 71वीं बटालियन के जवानों पर अंधाधुंध गोलियां चला दी, जिससे दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज मालदा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि गोलीबारी की वजह अवसाद या व्यक्तिगत तनाव हो सकता है। पुलिस ने कहा कि असली कारण का पता लगाना अभी बाकी है।
