विधानसभा के बाहर ‘आप’ नेताओं की नौटंकी देख हंस रहे हैं लोग: सचदेवा

नयी दिल्ली,27 फरवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने गुरुवार को विधानसभा के बाहर धरना- प्रदर्शन करने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग ‘आप’ नेताओं की नौटंकी को देख रहे हैं और यह सोच कर हंस रहे हैं कि वक्त का पहिया कैसे बदलता है।

श्री सचदेवा ने आज कहा,“जिन ‘आप’ नेताओं को कल तक भाजपा के विधायकों को प्रताड़ित करने में आनंद मिलता था,आज वह अपने भ्रष्टाचार को छुपाने तथा दबाने के लिए महान नेताओं के चित्रों के नाम पर विवाद कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा,“वक्त देखकर मुस्कुरा रहा है कि जिन्होंने वर्ष 2018 में भाजपा विधायक ओमप्रकाश शर्मा को लगभग एक साल और फिर 2021 में एक साथ दो सत्रों के लिए विधानसभा से बाहर निकाल दिया था, वो आज विधानसभा से तीन दिन के लिए निष्कासित होने पर नौटंकी कर रहे हैं।”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली विधानसभा हो या सचिवालय सब जगह मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कमरों में रोज़ाना सैकड़ों आगंतुक तथा मीडियाकर्मी आ रहे हैं और उनकी आंखों के सामने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के साथ ही बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर तथा शहीद भगत सिंह के ही नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रपिता तथा प्रधानमंत्री के चित्र भी लगी हुयी है।

उन्होंने कहा कि शराब घोटाले से संबंधित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट विधानसभा में रखी जाने से ‘आप’ नेता, खासकर आतिशी मार्लेना बौखला गयी हैं। उन्होंने कहा कि वह (आतिशी) नहीं चाहते है कि उस पर बात पर चर्चा हो, इसलिए डॉ. अम्बेडकर के नाम पर ओछी राजनीति करके लोगों का ध्यान भटका रही हैं।

श्री सचदेवा ने कहा कि दिल्ली वाले भलीभांति जानते हैं कि सुश्री आतिशी का नाम ‘आप’ की गोवा प्रभारी के रूप में शराब घोटाले से लाभार्थीयों के रूप में जुड़ा है, इसलिए कैग रिपोर्ट से उनका डर दिल्ली वालों को खूब समझ आ रहा है।

Next Post

सर्वोच्च न्यायालय ने राकेश अस्थाना की नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका खारिज की

Thu Feb 27 , 2025
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (वार्ता) सर्वोच्च न्यायालय ने हाल ही में दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना की नियुक्ति को दी गयी चुनौती को खारिज कर दिया। शीर्ष अदालत ने हालांकि,यह कानूनी प्रश्न खुला छोड़ दिया कि क्या प्रकाश सिंह बनाम भारत संघ में 2006 का फैसला दिल्ली पुलिस […]

You May Like