इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस की चेकिंग के दौरान एक कुख्यात बदमाश पकड़ा गया. आरोपी की पहचान फारूख खान निवासी सागौर, जिला धार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है.एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि फारूख के खिलाफ धार जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.
इतना ही नहीं, धार पुलिस उस पर रासुका की कार्रवाई भी कर चुकी है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित संगठन से जुड़ा हुआ है. सूत्रों का कहना है कि फारूख लंबे समय से इंदौर के खजराना क्षेत्र में रह रहा था और यहां सक्रिय था. फिलहाल कनाड़िया पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क और संभावित गतिविधियों का खुलासा हो सके.
