कांवड़ यात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

गाजियाबाद 03 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के सुरक्षित, सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात अपर पुलिस उपायुक्त वरुण कुमार सिंह ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की जांच की।

सावन माह के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की बढ़ती भारी भीड़ के मद्देनजर उन्होंने जमीन स्तर पर भ्रमण के दौरान जानकारी साझा करते हुए बताया कि, अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों के लिए लागू यातायात डायवर्जन को पूरी तरह प्रभावी बनाया जाए, ताकि कांवड़ियों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डायवर्जन व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान यातायात डायवर्जन का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।

इसके उपरांत उन्होने मेरठ तिराहा स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, निगरानी व्यवस्था एवं समन्वय प्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

एडीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें, जिससे कांवड़ यात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

 

 

Next Post

ट्रंप ने सोमवार को ईरान के साथ बातचीत की घोषणा की

Mon Aug 3 , 2026
न्यूयॉर्क, 03 अगस्त (वार्ता/स्पुतनिक) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका और ईरान सोमवार को बातचीत करेंगे। श्री ट्रंप ने एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से कहा, “हम उनसे बातचीत (नेगोशिएशन) कर रहे हैं। यह कल दोपहर शुरू होगी।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि ईरान के […]

You May Like

मनोरंजन