जबलपुर: अंधविश्वास और डर का जाल बुनकर एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी से 32 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि हड़प लिए गए।जालसाजों ने पीडि़त को उनकी बेटी की अकाल मृत्यु और बैंक खाते से डिजिटल फ्रॉड होने का खौफ दिखाया। इसके बाद तंत्र-मंत्र और सुरक्षा का झांसा देकर पूरी रकम एक डिब्बे में रखवाई, जिसे बाद में रद्दी कागजों से बदल दिया गया। पीडि़त की शिकायत पर गोहलपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक नीलेन्द्र जैन पिता स्व. रामचन्द्र जैन (68), निवासी जवाहरगंज, खटीक मोहल्ला कोतवाली के वर्ष 2022 में विद्युत विभाग से रिटायर्ड हुए हैं। वह दक्षिण मिलौनीगंज स्थित अपने मकान से सात्विक ट्रेडर्स नाम की दुकान का संचालन करते हैं। उन्होंने देखरेख के लिए ग्राम नोहटा दमोह निवासी सुनील बडक़ुल को काम पर रखा था। सुनील ने खुद को जैन समाज का बताकर और आधार कार्ड दिखाकर पीडि़त का अटूट विश्वास जीत लिया था। लेकिन इस पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड वही निकला। शिकायत के अनुसार, आरोपी सुनील ने नीलेन्द्र जैन को अपने जाल में फंसाने के लिए कथित तांत्रिकों संजय भैया और शांतिलाल दादा से फोन पर बात करवाई। जालसाजों ने कहा कि पीडि़त की बेटी पर भारी संकट है और उसकी असमय मृत्यु हो सकती है। बैंक खाते में जमा उनकी जीवनभर की गाढ़ी कमाई डिजिटल फ्रॉड के जरिए साफ होने वाली है।
नोटों के डिब्बे में मिली कागज की कटिंग
ठगों के खौफ से घबराकर बुजुर्ग ने अपनी जमा-पूंजी करीब 32 लाख रुपये बैंक से निकाली और जालसाजों के कहे अनुसार मिलौनीगंज वाले मकान में एक डिब्बे के अंदर काली पन्नी में छिपाकर रख दी। नौकर सुनील ने खुद इस पैसे की सुरक्षा की गारंटी ली थी। जब पीडि़त को कुछ असामान्य लगा और उन्होंने संदेह होने पर डिब्बा खोलकर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। डिब्बे से असली करेंसी गायब थी और उसकी जगह सिर्फ कागज के टुकड़े भरे हुए थे।
तुमने डिब्बा खोला, इसलिए पैसे गायब हो गए…
जब पीडि़त ने बदहवास होकर फोन पर कथित संजय भैया से पैसों के बारे में पूछा, तो उसने अंधविश्वास का सहारा लेते हुए डांटकर कहा, तुमने मेरी अनुमति के बिना डिब्बा खोल दिया, इसलिए तंत्र साधना भंग हो गई और रुपये गायब हो गए। जब पीडि़त ने कड़ाई से अपने नौकर सुनील से पूछताछ की, तो वह टालमटोल करने लगा और मौका पाकर दुकान से फरार हो गया। ठगी के शिकार बुजुर्ग ने गोहलपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
