करोड़ों की प्रॉपर्टी के लिए रची गई खौफनाक साजिश, विश्वासपात्रों ने ही की रिटायर्ड दंपती की हत्या

भोपाल। चर्चित फिलेमोन डबल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के करीब 20 दिन बाद पुलिस ने दो प्रॉपर्टी डीलर भाइयों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए इस दोहरे हत्याकांड की साजिश रची गई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शशिकांत और श्रीकांत लंबे समय से रिटायर्ड दंपती हेमंत फिलेमोन और शकुंतला बारीक के करीबी और विश्वासपात्र थे। आरोप है कि इटारसी की एक प्रॉपर्टी बेचने के दौरान दोनों ने धोखे से एक दानपत्र तैयार कराया, जिसमें दंपती की मौत के बाद सुदामा नगर स्थित करोड़ों रुपये की संपत्ति अपने नाम कराने की योजना बनाई गई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि जब बुजुर्ग दंपती ने अपना मकान बेचने का फैसला किया और सौदा लगभग तय हो गया, तब आरोपियों को अपनी योजना विफल होती दिखाई दी। इसके बाद कथित तौर पर दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मामले में पुलिस एक करीबी रिश्तेदार शिवानी बारीक की भूमिका की भी जांच कर रही है। हत्या से पहले उनके खाते में 6 लाख रुपये ट्रांसफर होने और उन पर करीब 20 लाख रुपये के कर्ज की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और दानपत्र, बैंक ट्रांजैक्शन समेत सभी आर्थिक पहलुओं की गहन जांच जारी है।

Next Post

नए स्टेशन की चमक फीकी कर रही बदहाल व्यवस्थाएं

Wed Jul 15 , 2026
दमोह। रेलवे स्टेशन को हाल ही में आधुनिक सुविधाओं और नए स्वरूप के साथ विकसित किया गया है, लेकिन स्टेशन परिसर की व्यवस्थाएं अब भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन परिसर में कुछ ऑटो चालकों की मनमानी के चलते उनसे […]

You May Like