
थाईलैंड के पटाया शहर में तीन भारतीय पर्यटकों के अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि पूरी साजिश दुबई में बैठे एक पाकिस्तानी मास्टरमाइंड के निर्देश पर रची गई थी। पीड़ितों की पहचान मोहित (23), आशीष (24) और हिमांशु (20) के रूप में हुई है। आरोपियों ने उन्हें सस्ते सात दिन के टूर पैकेज का लालच देकर पटाया बुलाया। वहां पहुंचते ही तीनों को एक घर में बंधक बना लिया गया और उनके परिवारों से प्रत्येक के बदले ₹40 लाख, यानी कुल ₹1.20 करोड़ की फिरौती की मांग की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे पिछले एक महीने से चैट एप के जरिए दुबई में बैठे पाकिस्तानी नागरिक के संपर्क में थे। फिरौती की रकम क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से वसूलने की योजना बनाई गई थी। बदले में आरोपियों को नकद रकम, कीमती सामान और थाईलैंड से बाहर निकलने के लिए एयर टिकट देने का वादा किया गया था। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि उन्हें कई दिनों तक भूखा रखा गया, हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा गया और परिवार पर दबाव बनाने के लिए वीडियो कॉल के दौरान उनके शरीर पर लाल स्प्रे पेंट लगाया गया, ताकि खून बहने का आभास हो सके।
परिजनों की शिकायत के बाद भारतीय दूतावास ने थाई अधिकारियों को अलर्ट किया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर पटाया के एक टाउनहाउस में छापा मारकर तीनों भारतीयों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। मौके से रस्सियां, टेप, लकड़ी का डंडा और लाल स्प्रे पेंट भी बरामद किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इसी ठिकाने पर पहले भी एक भारतीय नागरिक को बंधक बनाकर लगभग ₹30 लाख की फिरौती वसूली गई थी। फिलहाल थाई पुलिस फरार पाकिस्तानी मास्टरमाइंड और उससे जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
