
मंदसौर। पर्यावरण एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय सार्थक सोशल वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में देव डूंगरी की पहाड़ी पर शनिवार को वृहद बीज रोपण एवं सीड बॉल अभियान आयोजित किया गया। अभियान में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गुजरदा के करीब 100 छात्र-छात्राओं, वन विभाग की टीम तथा इनरव्हील क्लब की सदस्याओं ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 6 हजार से अधिक बीजों का रोपण किया गया तथा दुर्गम स्थानों पर 3 हजार से अधिक सीड बॉल डाले गए, ताकि वर्षा ऋतु में प्राकृतिक रूप से पौधे विकसित होकर पहाड़ी को हराभरा बना सकें।
कार्यक्रम में वन विभाग के नरेंद्र मालवीय एवं सोनू ने विद्यार्थियों को नगर वन, पक्षी विहार, औषधीय, अरोमा एवं कैक्टस प्रभाग सहित जैव विविधता और वन संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर सार्थक संस्था की सक्रिय सदस्य एवं वार्ड क्रमांक 39 की पार्षद श्रीमती भारती पाटीदार के जन्मदिन पर पीपल का पौधा लगाकर प्रकृति के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की सचिव श्रीमती रचना दोषी ने वन विभाग, इनरव्हील क्लब, विद्यालय परिवार एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संस्था की संस्थापक डॉ. उर्मिला तोमर की पहल पर आयोजित इस संयुक्त अभियान की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज, प्रशासन और युवा पीढ़ी के सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य अधिक प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है।
