दमोह। रेलवे स्टेशन को हाल ही में आधुनिक सुविधाओं और नए स्वरूप के साथ विकसित किया गया है, लेकिन स्टेशन परिसर की व्यवस्थाएं अब भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन परिसर में कुछ ऑटो चालकों की मनमानी के चलते उनसे मनमाना किराया वसूला जाता है और कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है। स्टेशन के बाहर और अंदर बड़ी संख्या में ऑटो खड़े रहने से अव्यवस्था का माहौल बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद आरपीएफ और जीआरपी बल की कमी के कारण प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती। ऐसे में स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नागरिकों ने रेलवे प्रशासन और सरकार से स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने, ऑटो के लिए अलग स्टैंड बनाने और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं आरपीएफ थाना प्रभारी हरीश कुमार सारस्वत ने जल्द ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिलाया है।
